सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल से युवक की आत्महत्या, तीन नामजद समेत अन्य पर हुई मुकदमा दर्ज करने की मांग!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ (नैनीताल)। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर कथित रूप से मानसिक उत्पीड़न किए जाने के मामले में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रावत नगर प्रथम, बिन्दुखत्ता निवासी परवीन सिंह मेहता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके बड़े भाई दीपक सिंह का एक वीडियो गांव के ही कुछ लोगों द्वारा फेसबुक स्टेटस और ग्रुप में वायरल कर दिया गया। आरोप है कि इस कृत्य से दीपक सिंह गहरे मानसिक तनाव और सामाजिक अपमान का शिकार हो गया।
शिकायत में कहा गया है कि जब दीपक सिंह ने संबंधित लोगों से वीडियो हटाने का अनुरोध किया, तो आरोपियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि वीडियो को और अधिक लोगों तक फैलाने की धमकी भी दी। इससे उसकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव की कुछ महिलाओं द्वारा सार्वजनिक रूप से उसका अपमान करते हुए वीडियो बनाया गया, जिससे वह और अधिक अवसाद में चला गया।
परिजनों के अनुसार, लगातार मानसिक उत्पीड़न और सामाजिक दबाव से परेशान होकर दीपक सिंह ने 29 मार्च 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद अंतिम संस्कार एवं पारिवारिक परिस्थितियों में व्यस्त रहने के कारण परिजन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। अब मृतक के भाई ने कोतवाली लालकुआँ में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
