देहरादून: UKSSSC ने वन दरोगा PET–PMT की नई तिथि जारी,
एडमिट कार्ड अपलोड — राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा आयोजन।
देहरादून।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन दरोगा (Forest Inspector) भर्ती के लिए आयोजित होने वाले शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) और शारीरिक माप परीक्षण (PMT) की नई तिथि घोषित कर दी है। आयोग ने परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। उम्मीदवार अपने लॉगिन विवरण के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
20 से 22 नवंबर तक राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में PET–PMT
आयोग के सचिव डॉ. शिवकुमार बरनवाल ने बताया कि PET और PMT की प्रक्रिया 20 से 22 नवंबर तक रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में आयोजित की जाएगी।
यदि किसी अभ्यर्थी की इसी अवधि में कोई अन्य परीक्षा निर्धारित है, तो वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर आयोग से परीक्षा तिथि में परिवर्तन का अनुरोध कर सकता है।
सहकारी निरीक्षक व ADO परीक्षा 16 नवंबर को।
सहकारिता विभाग के तहत सहकारी निरीक्षक और सहायक विकास अधिकारी (ADO) पदों के लिए आयोग 16 नवंबर को लिखित परीक्षा आयोजित कर रहा है।
बायोमेट्रिक सत्यापन के कारण उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से लगभग ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र में अनिवार्य रूप से पहुंचना होगा।
आयोग ने 14 नवंबर को जारी सूचना में अंक प्रणाली, परीक्षा पद्धति सहित सभी परीक्षा निर्देश स्पष्ट कर दिए हैं।
