खबरें शेयर करें -

15 साल पुराने कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस बढ़ोतरी स्थगित, धामी सरकार ने दी बड़ी राहत।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने राज्य के वाहन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए 15 वर्ष पुराने कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में की गई बढ़ोतरी को 21 नवंबर 2026 तक स्थगित कर दिया है। इस संबंध में परिवहन विभाग की अधिसूचना सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत द्वारा जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में 15 साल पुराने कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में 10 गुना तक की वृद्धि की थी। लेकिन प्रदेश के परिवहन कारोबारियों की आर्थिक स्थिति और जनभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने यह बोझ वाहन स्वामियों पर न डालने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे फैसले ले रही है, जिससे लोगों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव न पड़े। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए आगे भी राहत से जुड़े निर्णय शीघ्रता से लिए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा पुनरीक्षण और अंतिम निर्णय के बाद ही प्रदेश में नई दरें लागू होंगी। तब तक राज्य में पुरानी फीस ही लागू रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “गरीब, मध्यम वर्ग और टैक्सी व ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े हजारों लोगों का हित सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है। जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।”

  • इधर प्रदेश सरकारवके निर्णय का स्वागत करते हुए यहां के खनन व्यवसायियों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड