“चंपावत में फिर गुलदार का कहर! एक महीने में दूसरा हमला—धरगड़ा में 45 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, दहशत से थर्राए ग्रामीण”
दर्पण न्यूज 24*7 संवाददाता
चंपावत
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा घटना चंपावत जिले के बाराकोट क्षेत्र की ग्राम सभा चुयरानी के धरगड़ा तोक से है, जहां मंगलवार सुबह गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। एक महीने के भीतर यह दूसरा हमला है, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल छा गया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय देव सिंह अधिकारी पुत्र कल्याण सिंह अधिकारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सुबह शौच हेतु घर से बाहर निकले देव सिंह पर अचानक गुलदार ने धावा बोल दिया। हमले के बाद वह शव को करीब 30 मीटर ऊपर तक घसीटकर ले गया, जिसे बाद में ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और प्रशासन ने बरामद किया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना से सिर्फ एक दिन पहले सोमवार शाम को भी गुलदार ने देव सिंह की पत्नी पर हमला करने की कोशिश की थी। लगातार खौफनाक वारदातों से लोग आक्रोश में हैं और गुलदार को नरभक्षी घोषित कर तुरंत मार गिराने की मांग कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी जिलाधिकारी से वन विभाग को कड़े कदम उठाने के निर्देश देने की अपील की है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने वन विभाग को विशेष निगरानी, पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और ड्रोन कैमरों से इलाके की मॉनिटरिंग के निर्देश जारी किए हैं।
एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार ने बताया कि गुलदार की खोज के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं, साथ ही जल्द ही ट्रैप कैमरे और ड्रोन कैमरे भी तैनात किए जाएंगे। वन अधिनियम के तहत मृतक परिवार को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सावधानी बरतें, अकेले न निकलें और बच्चों पर विशेष ध्यान दें।
मृतक देव सिंह अधिकारी जल संस्थान में पीटीसी पद पर तैनात थे और परिवार का पालन-पोषण मजदूरी कर भी करते थे। उनकी मौत से गांव में मातम और डर दोनों का सन्नाटा पसरा है।
