सीएम धामी की दिल्ली में बड़ी उपलब्धि! उत्तराखण्ड को मिली 1700 करोड़ की सौगात, 184 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी।
नई दिल्ली/देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की केंद्र में लगातार पैरवी आखिरकार रंग लाई। दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के दौरान उत्तराखण्ड को ग्रामीण कनेक्टिविटी के लिए 1700 करोड़ रुपये की भारी भरकम स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत 184 ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 1228 किलोमीटर होगी।
सीएम धामी ने बैठक में आपदा से बर्बाद अवसंरचना, कृषि चुनौतियों और ग्रामीण विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने केंद्र को अवगत कराया कि हालिया प्राकृतिक आपदा में प्रदेश की 946 सड़कें और 15 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनके पुनर्निर्माण के लिए 650 करोड़ रुपये की तत्काल आवश्यकता है। इसके साथ ही करीब 5900 क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत हेतु धनराशि प्रदान करने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड के 90% किसान लघु एवं सीमांत हैं, जिनकी फसलों को जंगली जानवरों से भारी नुकसान होता है। इस पर केंद्र ने आरकेवीवाई के तहत घेराबंदी कार्यों को शामिल करने पर सहमति जताई है। सीएम ने आगामी पाँच वर्षों तक प्रतिवर्ष 200 करोड़ रुपये का अलग से बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अग्रिम धन आवंटन का आश्वासन दिया। साथ ही स्वच्छता एक्शन प्लान–नमामि गंगे क्लीन अभियान के लिए स्वीकृत 98 करोड़ रुपये शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया गया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखण्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा और केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहयोग देगी।
बैठक में सांसद महेन्द्र भट्ट, कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, पीएमजीएसवाई के सीईओ आलोक पाण्डेय, उत्तराखण्ड के स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
