जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल रंग लाई, दिव्यांग बालिका नेहा भट्ट को मिली पेंशन की सौगात।
नैनीताल।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की त्वरित और मानवीय पहल से भवाली निगलाट की दिव्यांग मूकबधिर बालिका नेहा भट्ट को बड़ी राहत मिली है। शिक्षा सुचारू रखने के लिए न्यायालय में सीमित संरक्षक नियुक्ति की याचिका लगाने वाली इस बालिका के लिए डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इंदौर निवासी मनीषा चौधरी को सीमित संरक्षक नियुक्त किया था।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने बताया कि डीएम के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की टीम ने बालिका के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों को पूरा करवाया। सभी औपचारिकताएँ पूर्ण होते ही नेहा भट्ट की 1500 रुपये प्रतिमाह की दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी गई है, जो आगामी माह से नियमित रूप से उनके खाते में आएगी।
अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी ने बालिका को समाज कल्याण विभाग की सभी संभावित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद विभाग ने तत्परता से कार्रवाई पूरी की।
इस संवेदनशील निर्णय से न केवल बालिका की शिक्षा में मदद मिलेगी बल्कि उसके भविष्य को भी मजबूती मिलेगी।
