खबरें शेयर करें -

गौला उपखनिज नीति से हजारों परिवारों की आजीविका पर खतरा, संरक्षक इंदर सिंह बिष्ट ने सरकार से तत्काल निर्णय की मांग।

देहरादून/हल्द्वानी/लालकुआँ (नैनीताल)।
गौला नदी से उपखनिज निकासी व परिवहन को लेकर लागू की गई नई आर.सी. आधारित व्यवस्था के विरोध में डम्पर एसोसिएशन हल्द्वानी–लालकुआँ ने अपना आक्रोश तेज कर दिया है। एसोसिएशन के संरक्षक इंदर सिंह बिष्ट ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था ने हजारों वाहन स्वामियों, चालकों और श्रमिकों को बेरोज़गारी के कगार पर खड़ा कर दिया है।

इंदर सिंह बिष्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “गौला नदी क्षेत्र में वर्षों से उपखनिज पर निर्भर हजारों परिवारों की रोज़ी-रोटी आज सीधे तौर पर खतरे में है। नई आर.सी. प्रणाली के चलते वाहन खड़े हो गए हैं, काम ठप पड़ा है और लोगों के सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है।”

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ उपखनिज निकासी होती रही, जिससे सरकार को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ और स्थानीय लोगों को रोजगार मिला। “आज हालत यह है कि कई वाहन स्वामी एक ट्रॉली उपखनिज भी नहीं निकाल पा रहे हैं। यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो हालात विस्फोटक हो सकते हैं,”

संरक्षक बिष्ट ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जनहित और रोजगार को देखते हुए वन निगम को पूर्व की भांति उपखनिज निकासी व परिवहन की अनुमति दी जाए, ताकि हजारों परिवारों को राहत मिल सके और सरकार के राजस्व पर भी कोई असर न पड़े।

डम्पर एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर श्रमिकों और वाहन स्वामियों को राहत प्रदान करेगी।

इस मौके पर विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत,यूनियन के अध्यक्ष मनोज मठपाल,वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र बिष्ट देबू, रविन्द्र सिंह जग्गी,हरीशभट्ट आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड