खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज 24/7 | एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
ब्यूरो चीफ: प्रमोद बमेटा


महिला दुग्ध समितियों से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर

धारी व ओखलकांडा में महिला दुग्ध समितियों का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी आर्थिक मजबूती

लालकुआँ।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्वालाकोट तथा ओखलकांडा ब्लॉक की साल ग्राम सभा में गठित महिला दुग्ध समितियों का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर महिला दुग्ध समिति की सदस्यों एवं ग्रामीण महिलाओं ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत किया।

इस मौके पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि महिला दुग्ध समितियों का गठन ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। दुग्ध उत्पादन से महिलाओं को नियमित आय का साधन मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनेंगी। सहकारिता के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, उचित मूल्य और बेहतर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि महिला सहभागिता बढ़ने से दुग्ध सहकारिता और अधिक मजबूत होगी और इससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। महिला दुग्ध समितियों के शुभारंभ के साथ ही पहले ही दिन 54 लीटर दूध का संग्रह किया गया, जिससे महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने दुग्ध उत्पादन और सहकारिता को ग्रामीण विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि महिला दुग्ध समितियों से स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और महिलाओं की आय में स्थिरता आएगी। समापन पर सभी ने गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, बेहतर विपणन और नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

इस अवसर पर प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, सहायक प्रबंधक गीता ओझा, मार्ग प्रभारी शांति कोरंगा, खन्स्यु प्रभारी हरीश आर्या, बसंती कपकोटी, नीमा शाह, विजय जलाल, संतोष कुमार, श्रीमती पूनम दर्मवाल, राकेश बिष्ट सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम प्रधान अघरिया श्रीमती रेखा आर्या, सरपंच संजय आर्य, उप प्रधान पंकज कुमार, पूर्व प्रधान/सरपंच सुरेश चंद्र, साल ग्राम सभा की ग्राम प्रधान पूजा आर्य, वरिष्ठ समाजसेवी व शिक्षक पवन देव, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि महेश मेवाड़ी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंचम मेवाड़ी, श्याम सिंह मेहता, बालम चिलवाल ग्राम सभा के सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।


(यह रिपोर्ट दर्पण न्यूज 24/7 के लिए ब्यूरो चीफ प्रमोद बमेटा की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट है।)

उत्तराखंड