खबरें शेयर करें -

गौलापार बाईपास पर चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे बैंक कर्मी, स्टेडियम में मची अफरा-तफरी ।
हल्द्वानी। गौलापार बाईपास रोड स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पास सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक धू-धूकर जल उठी। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
कार चालक की पहचान काठगोदाम निवासी त्रिभुवन पंत के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, किच्छा में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। बताया गया कि छह माह पूर्व उनकी कार का एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद वाहन को मरम्मत के लिए शोरूम में दिया गया था। रविवार को ही कार मरम्मत के बाद उन्हें वापस मिली थी।
सोमवार सुबह त्रिभुवन पंत कार से किच्छा बैंक ड्यूटी पर गए थे। शाम करीब सात बजे जब वह वापस हल्द्वानी लौट रहे थे, तभी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास कार से अचानक असामान्य आवाज आने लगी और देखते ही देखते धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत कार रोककर बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही पलों में कार में भीषण आग लग गई, जिसने देखते-देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के समय स्टेडियम में राष्ट्रीय जू-जित्सु प्रतियोगिता चल रही थी। कार में आग लगते ही खिलाड़ी और उनके अभिभावकों में भी हड़कंप मच गया और सभी बाहर निकल आए। बीच सड़क पर कार धधकने से गौलापार बाईपास रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

उत्तराखंड