खबरें शेयर करें -

रानीखेत नगर व्यापार मंडल चुनाव की तैयारी तेज, जिला व्यापार मंडल की बैठक में बनी चुनाव समिति।
दर्पण न्यूज 24/7 रानीखेत।
नगर व्यापार मंडल रानीखेत के आगामी चुनावों को लेकर जिला व्यापार मंडल की ओर से शिव मंदिर सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नगर व्यापार मंडल के चुनाव संपन्न कराना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहन नेगी ने पिछले चुनाव में सामने आई कमियों की समीक्षा की और आने वाले चुनाव में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
बैठक में व्यापारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। कैंची धाम मार्ग पर लगने वाले जाम, कैंट प्रशासन द्वारा दुकानों के बढ़ते किराए, प्रशासनिक उत्पीड़न, मेलों के आयोजन से व्यापार पर पड़ने वाले प्रभाव और बाहरी व्यापारियों की बढ़ती सक्रियता जैसे विषय प्रमुख रहे।
इस दौरान वर्तमान नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। वहीं, पूर्व व्यापार मंडल द्वारा आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत न किए जाने पर कई व्यापारियों ने नाराजगी जताई। इस पर अगली बैठक में आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत किए जाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव समिति का गठन किया गया। समिति में अतुल अग्रवाल, अगस्त लाल साह, उमेश भट्ट, जगदीश अग्रवाल, विमल भट्ट, ललित नेगी, कुलदीप कुमार और प्रताप सिंह मेहरा को शामिल किया गया।
बैठक में मोहन नेगी, राजेंद्र पांडेय, अगस्त लाल साह, गोपाल नाथ गोस्वामी, उमेश भट्ट, प्रताप सिंह मेहरा, भुवन पपनै, विमल भट्ट, अनूप अग्रवाल, कामरान कुरेशी, मोहन बिष्ट, भारती भगत, मनीष चौधरी, हर्षवर्धन पंत, संदीप पाठक, विनीत चौरसिया, राजेंद्र बिष्ट, भास्कर, भगवंत नेगी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड