खबरें शेयर करें -

लोक देवताओं व महिलाओं पर टिप्पणी से बवाल, दरांती लहराने वाली व्लॉगर ज्योति अधिकारी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर।

दर्पण न्यूज 24/7हल्द्वानी। हल्द्वानी रामपुर रोड निवासी व्लॉगर ज्योति अधिकारी को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। मुखानी थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे के बाद शुक्रवार को उन्हें मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। ज्योति पर महिलाओं और कुमाऊं के लोक देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और दंगा भड़काने की कोशिश के गंभीर आरोप लगे हैं।

हिम्मतपुर मल्ला निवासी जूही चुफाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 27, 192, 196, 299, 302 समेत गंभीर धाराएं लगाई हैं। साथ ही बुद्ध पार्क में धरना स्थल पर दरांती लहराने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से दरांती बरामद की गई है।

पूछताछ के दौरान ज्योति के समर्थक थाने के बाहर जुटे रहे और देरी होने पर हंगामा करते हुए पुलिस से नोकझोंक भी की। एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। ज्योति पूरे दिन पुलिस हिरासत में रही, देर रात गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

उत्तराखंड