खबरें शेयर करें -

हल्दूचौड़ में जन-जन की सरकार का सीधा संवाद, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने अफसरों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, 40 लाभार्थियों को मिले आर्थिक सहायता चेक।
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्दूचौड़
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत आज हल्दूचौड़ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार की ओर से 40 जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए गए।
शिविर में सिंचाई गूलों, जल जीवन मिशन के तहत बिछाई जा रही पेयजल लाइनों की गुणवत्ता, जिला खनन न्यास से विकास कार्य, सड़क, अतिक्रमण, अवैध शराब बिक्री समेत अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठे। जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की शिकायतों को विधायक ने बेहद गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग को गुणवत्ता सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी ने खनन न्यास से ग्राम सभा में अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने की मांग रखी, जिस पर विधायक ने इसे प्राथमिकता में शामिल करने का आश्वासन दिया। वहीं ग्राम प्रधान जयंती बमेटा ने बंदरों के बढ़ते आतंक, नई गूलों के निर्माण और पुरानी गूलों के पुनर्निर्माण व सुधारीकरण का मुद्दा उठाया।
शिविर में सरकारी स्कूलों को जिला खनन न्यास से सहायता देने की मांग भी उठी। समाजसेवी शंकर लाल ने अपात्र राशन कार्डों का मामला रखा, जिस पर विभाग ने जानकारी दी कि नैनीताल जिले में 37 हजार अपात्र राशन कार्ड पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं।
गन्ना केंद्र के समीप अतिक्रमण को लेकर विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने संबंधित महकमे को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। देवरामपुर सड़क के संबंध में बताया गया कि जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। युवा समाजसेवी पीयूष जोशी ने अवैध शराब बिक्री और होम डिलीवरी का मुद्दा उठाते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए। इस पर चौकी इंचार्ज शंकर सिंह नयाल ने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से अवैध शराब के खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग भी रखी, जिस पर विधायक ने जनभावनाओं से शासन को अवगत कराने के लिए पत्र भेजने की बात कही।
बहुउद्देशीय शिविर में विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के साथ दर्जा राज्य मंत्री चौधरी अजीत सिंह, दीपेंद्र कोश्यारी, बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष मोहन चंद्र दुर्गापाल, उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, तहसीलदार पूजा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र दुर्गापाल, श्रीमती कमला दुर्गापाल, कमल भंडारी, चिंतामणि तिवारी, चंपा पांडे, ग्राम प्रधान गीता बिष्ट, पूजा बिष्ट, रुक्मणी नेगी, राधा भट्ट, ललित मोहन सनवाल, जयंती बमेटा, युवा समाजसेवी हिमांशु धामी सहित विकासखंड हल्द्वानी से संजीव पंत, संजय डबराल और 23 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने कहा कि जन-जन की सरकार का उद्देश्य ही यही है कि जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर, बिना किसी देरी के किया जाए और जन सुझावों के आधार पर विकास को नई गति दी जाए।