खबरें शेयर करें -

उत्कृष्टता का उत्सव: ‘5वां अभिनंदन–2025-26’ समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं व समर्पित शिक्षक सम्मान।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़।
चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोपिपुरम में शनिवार को विद्यालय का वार्षिक सम्मान समारोह ‘5वां अभिनंदन–2025-26’ अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कृष्ण स्वरूप स्मृति सभागार में किया गया, जिसमें शैक्षिक, क्रीड़ा एवं सह-पाठ्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा दीर्घकालीन सेवा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं गीता के श्लोक पाठ के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि आईटीबीपी 34वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने सरस्वती वंदना के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया।
विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक ने मुख्य अतिथि को पौध एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका जोशी ने स्वागत उद्बोधन में अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि अनिल सिंह बिष्ट ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन की सराहना करते हुए विद्यालय को क्षेत्र का आदर्श शैक्षिक केंद्र बताया।
समारोह में कृष्ण स्वरूप स्मृति पुरस्कार के अंतर्गत उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 (सत्र 2024-25) के 10 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कक्षा 8 से 11 तक के 15 विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं नकद धनराशि चेक के माध्यम से दी गई। राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर टेबल टेनिस, खो-खो, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
दीर्घकालीन सेवा एवं समर्पण के लिए गीता कविदयाल, ममता पाण्डेय तथा विद्यालय के टेबल टेनिस प्रशिक्षक पंकज बिष्ट को उत्कृष्ट सेवा एवं समर्पण सम्मान प्रदान कर स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंट किए गए।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट ऑफ उत्तराखंड के अधिवक्ता मनोज साहनी, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के अधिवक्ता प्रणव साहनी, सर्व शिक्षा अभियान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नवीन पंत, विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक, प्रबंध निदेशिका कविता पाठक, कार्यकारी निदेशिका प्रियांशी पाठक, हेमवती नंदन दुर्गापाल, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी एवं शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा मंचासीन रहे।
समारोह में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, अभिभावकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

उत्तराखंड