करोड़ों की ठगी का खुलासा: सहकारिता फर्म से लेकर क्रिकेट लीग तक जालसाजों का जाल!
एक साल से फरार दो शातिर लालकुआं से दबोचे गए।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता हल्द्वानी।
हल्द्वानी में ठगी के दो बड़े मामलों का पुलिस ने एक साथ पर्दाफाश कर दिया है। एक ओर “देवभूमि बहुद्देशीय स्वायत्त सहकारिता” के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को लालकुआं से गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने वाले आयोजक विकास ढाका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों मामलों में आमजन को अधिक लाभ और बड़े आयोजन का झांसा देकर ठगा गया।
सहकारिता फर्म के नाम पर 6.80 करोड़ की ठगी, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2017 में देवभूमि बहुद्देशीय स्वायत्त सहकारिता के नाम पर मुखानी (हल्द्वानी) और रामनगर में शाखाएं खोली गईं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अधिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का लालच दिया गया।
अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों के सैकड़ों निवेशकों से करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये जमा कराए गए।
जांच में सामने आया कि संस्था के अध्यक्ष हेम चंद पंत (45) और सचिव विकास दुर्गापाल (41) ने सहयोगियों के साथ मिलकर धन का गबन किया और फरार हो गए। दोनों कार्यालय बंद मिले और बैंक खातों में करोड़ों के लेन-देन के सबूत सामने आए।
न्यायालय से वारंट व कुर्की आदेश लेकर दिल्ली, हरियाणा, लखनऊ में दबिश के बाद आखिरकार दोनों आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस के अनुसार अन्य थानों में भी आरोपियों पर मुकदमे दर्ज हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
टी-20 लीग के नाम पर लाखों की ठगी, आयोजक हिरासत में!
इधर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के नाम पर प्रस्तावित ईवीसीएल टी-20 लीग के आयोजक विकास ढाका पर फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर रकम ऐंठने के आरोप लगे हैं।
पूर्व विधायक नारायण पाल ने उत्तराखंड सोल्जर्स टीम के नाम पर 5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है, जबकि हरियाणा निवासी हेमंत शर्मा ने 23 लाख रुपये ठगे जाने की शिकायत दी है।
आरोप है कि फ्रेंचाइजी फीस लेने के बावजूद कोई वैध एग्रीमेंट नहीं दिया गया। शहर में होर्डिंग-बैनर, पिच तैयार, मैच तिथियां घोषित और टिकट बिक्री तक शुरू कर दी गई, लेकिन आयोजन बार-बार टलता रहा।
शहर छोड़कर जाने की कोशिश के दौरान आयोजक को एक होटल से चेकआउट के वक्त हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसएसपी की अपील!
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी निवेश योजना या बड़े आयोजन में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, पंजीकरण और दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
टीम में शामिल: उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट, कांस्टेबल आनंदपुरी, जितेंद्र बिष्ट।
