खबरें शेयर करें -

‘परीक्षा पे चर्चा’ में मोदी का मंत्र: तनाव छोड़ो, कर्तव्य निभाओ, स्वच्छ रहो – एआई को बनाओ अपनी ताकत!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, नई दिल्ली।
करोड़ों छात्रों का इंतजार शुक्रवार सुबह खत्म हो गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 10 बजे ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत देशभर के छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने परीक्षा के तनाव, घबराहट और तैयारी से जुड़े सवालों पर मार्गदर्शन देते हुए छात्रों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘कर्तव्य पालन’ को जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि हमें अपने जीवन जीने के तरीकों में सुधार लाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि विकसित भारत बनाना है तो गंदगी से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। परिवार, मोहल्ला या बाहर—हर जगह स्वच्छता को आदत बनाना हमारा कर्तव्य है।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को स्वस्थ रहने को भी कर्तव्य का हिस्सा बताते हुए कहा कि यदि हम अपनी सेहत और स्वच्छता पर ध्यान दें तो कोई ताकत भारत को विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकती।
छात्रों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने नई पीढ़ी की संभावनाओं पर बात करते हुए कहा कि आज के युवाओं के पास खुला आसमान और बड़ा कैनवास है। इस पर एक छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप भाग्यशाली हैं कि आपको टेक्नोलॉजी के ऐसे अवसर मिले हैं, हमारे समय में ये सुविधाएं नहीं थीं।
प्रधानमंत्री ने एआई को युवाओं की शक्ति बढ़ाने वाला बताते हुए इसके सकारात्मक और सार्थक उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में छात्रों ने बोर्ड परीक्षा, स्कूल एग्जामिनेशन, गणित समेत अन्य विषयों को लेकर सीधे प्रधानमंत्री से सवाल पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया।