दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो ।
हल्द्वानी के मंडी परिसर के अंदर आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक युवक और एक युवती के लहूलुहान शव बरामद हुए। दोनों के सिर और चेहरे बुरी तरह पत्थर से कुचले गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई और मंडी में भारी भीड़ जमा हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल के पास से कुछ संदिग्ध साक्ष्य और वह पत्थर भी बरामद किया गया है, जिससे वार किया गया था। पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। साथ ही, मंडी के व्यापारियों और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
