बनबसा में 27 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; 5 मार्च तक चलेगा आयोजन!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो चम्पावत/बनबसा।
भारतीय सेना द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली (2025–26) का आयोजन 27 फरवरी से बनबसा के कमलपथ स्थित आर्मी स्टेशन में किया जाएगा। चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपद के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित यह भर्ती रैली 5 मार्च तक चलेगी। सेना द्वारा भर्ती कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया अग्निवीर जनरल ड्यूटी (AVGD) के अलावा ट्रेडमैन, तकनीशियन, क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी पदों के लिए होगी।
भर्ती कार्यक्रम (AVGD)
27 फरवरी: पिथौरागढ़ – मुंसियारी, बंगापानी व थल तहसील
28 फरवरी: तेजम, देवलथल, गंगोलीहाट, कनालीछीना, बेड़ीनाग व गणाईगंगोली
1 मार्च: धारचूला, डीडीहाट, पाटी व चम्पावत तहसील
2 मार्च: लोहाघाट, पूर्णागिरि (टनकपुर) व बाराकोट तहसील
अन्य श्रेणियां
3 मार्च: पिथौरागढ़ व चम्पावत जनपद के लिए अग्निवीर ट्रेडमैन, तकनीशियन, क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी
4 व 5 मार्च: रिजर्व डे (पेंडिंग दस्तावेज व पेंडिंग मेडिकल)
भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
चम्पावत। अग्निवीर भर्ती रैली 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैन्य अधिकारियों के साथ जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। डीएम ने सैन्य–नागरिक समन्वय को मजबूत करते हुए भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, सुरक्षित व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने रेस ट्रैक को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने, पेयजल हेतु टैंकर तैनात करने, मेडिकल टीम व एम्बुलेंस की व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण व हाउसकीपिंग कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल, सिविल इंटेलिजेंस को सक्रिय रखने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति व बैकअप व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग की तैनाती के निर्देश दिए गए।
दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए परिवहन समन्वय व आवश्यकतानुसार अस्थायी आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भर्ती स्थल के आसपास आवश्यक वस्तुओं व खाद्य सामग्री के मूल्यों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि ओवरचार्जिंग न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, कर्नल राहुल, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि) उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
