खबरें शेयर करें -

हाट बाजारों में अव्यवस्था पर सवाल?

खुले में मांस बिक्री,व्यापारियों द्वारा ईंट-पत्थरों से तौल कर लगाया जा रहा है चूना।
हल्दूचौड़ की हॉट बाजार से ताजा मामला, निगरानी तंत्र पर उठे गंभीर प्रश्न?
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़ !
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जहां  प्रदेश मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू है, वहीं देवभूमि उत्तराखंड की हाट बाजारों में नियमों के पालन को लेकर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। शुक्रवार को हल्दूचौड़ में आयोजित हॉट बाजार में खाद्य पदार्थों के स्टालों के समीप खुले में मांस काटे जाने और बिक्री किए जाने का दृश्य देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे स्वच्छता मानकों और सामाजिक संवेदनशीलता के विपरीत बताया।
इसी बाजार में बाट-माप को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें भी मिली हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दुकानदार मानक तराजू के बजाय ईंट-पत्थरों या अनधिकृत बाटों का उपयोग कर तौल कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। इस संबंध में बांट माप विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई का अभाव समस्या को बढ़ावा दे रहा है।
हाट बाजारों का संचालन जिला पंचायत के अंतर्गत होने के बावजूद निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं दिखी। खुले में मांस बिक्री से स्वास्थ्य जोखिम की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्व-त्योहारों के दौरान हाट बाजारों में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, शाकाहारी-मांसाहारी स्टालों के लिए पृथक जोन तय हों, तथा बाट-माप की नियमित जांच कर दोषी व्यापारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए जाएंगे।