कैंची धाम के पास शराब दुकान पर बवाल! सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री से लगाई रोक की गुहार!
रातीघाट बाजार और स्कूलों के बीच प्रस्ताव पर भड़की जनभावना, जनप्रतिनिधियों ने खोला मोर्चा!
दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल। कैंची धाम जैसे आस्था के बड़े केंद्र के नजदीक शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव ने अब सियासी और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। अजय भट्ट, सांसद (लोकसभा) और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रस्तावित विदेशी मदिरा की दुकान को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
सांसद भट्ट ने साफ शब्दों में कहा कि रातीघाट, मंगोली और बजून क्षेत्र न सिर्फ एक अहम ग्रामीण बाजार है, बल्कि यहां स्कूलों और इंटर कॉलेज की मौजूदगी इसे और संवेदनशील बनाती है। ऐसे में शराब की दुकान खोलना सामाजिक माहौल को बिगाड़ सकता है और खासतौर पर महिलाओं व छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर सकता है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर महज 5 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था के इस केंद्र के आसपास शराब दुकान का प्रस्ताव लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
इस मुद्दे पर स्थानीय स्तर पर भी जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। विधायक सरिता आर्या, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख अंकित साह समेत कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस फैसले के खिलाफ आवाज बुलंद की है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि जनभावनाओं, सामाजिक मर्यादा और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए इस प्रस्ताव को रद्द किया जाए।
रातीघाट में शराब दुकान का मुद्दा अब आम बनाम प्रशासन की लड़ाई बनता दिख रहा है—देखना होगा सरकार जनता की सुनती है या नहीं!
