








पहाड़पानी के कमलेश बने ‘फ्लावर मैन’, सरकारी योजना से 2 लाख महीना कमाई और 10 लोगों को रोजगार!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। जनपद के धारी विकासखंड स्थित पहाड़पानी गांव के युवा कमलेश महतोलिया ने यह साबित कर दिया है कि यदि जुनून, सही दिशा और सरकारी सहयोग मिल जाए तो खेती भी सफलता की नई इबारत लिख सकती है। इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद गुजरात में नौकरी कर चुके कमलेश ने अपने गांव और जमीन से लगाव के चलते घर वापसी की और कुछ अलग करने का निर्णय लिया।
गांव लौटकर उन्होंने पारंपरिक खेती के बजाय आधुनिक और नगदी फसलों पर ध्यान केंद्रित किया। इसी दौरान उन्हें उद्यान विभाग के माध्यम से उत्तराखंड सरकार की योजनाओं के तहत करीब 14 लाख रुपये का ऋण मिला, जिसने उनके सपनों को पंख दे दिए।
शुरुआत में 10 नाली भूमि पर शुरू की गई फूलों की खेती आज 40 नाली तक पहुंच चुकी है। कमलेश अपने खेतों में लिलियम के साथ-साथ ओरिएंटल और एशियाटिक प्रजातियों के फूलों का उत्पादन कर रहे हैं, जिनकी मांग नैनीताल सहित अन्य जनपदों में तेजी से बढ़ रही है।
इसके अलावा उन्होंने 30 नाली भूमि पर सेब, कीवी और स्ट्रॉबेरी जैसी नगदी फसलों की भी खेती शुरू की है, जिससे उनकी आय के स्रोत और मजबूत हुए हैं। मेहनत और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का ही परिणाम है कि सभी खर्च निकालने के बाद कमलेश आज प्रतिमाह करीब 2 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
कमलेश की इस पहल ने क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए हैं। वर्तमान में उनके फार्म पर 8 से 10 स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार मिल रहा है, जिससे गांव की आर्थिक स्थिति में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
अपनी सफलता का श्रेय कमलेश उत्तराखंड सरकार की योजनाओं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को देते हैं। उनका कहना है कि सरकारी सहयोग और मार्गदर्शन के बिना इस स्तर तक पहुंचना संभव नहीं था।
सरकारी योजनाएं बनीं बदलाव की नींव
राज्य सरकार द्वारा स्वरोजगार और कृषि आधारित योजनाओं को बढ़ावा देने के प्रयास अब जमीन पर असर दिखा रहे हैं। उद्यान विभाग की वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन से युवा खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिल रही है।
कमलेश महतोलिया की सफलता कहानी यह संदेश देती है कि यदि युवा नई सोच और नवाचार के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं, तो वे न केवल खुद आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं। आने वाले समय में कमलेश अपने व्यवसाय का विस्तार कर आधुनिक तकनीकों के जरिए उत्पादन और बाजार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में हैं।
