भगवानों के स्वरूप से नृत्य पर बवाल, करणी सेना ने जताया विरोध!
(दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता)
हल्द्वानी।
धार्मिक झांकियों में भगवानों के स्वरूप धारण किए कलाकारों से नृत्य कराए जाने को लेकर विवाद गहराने लगा है। इस मुद्दे पर करणी सेना समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति जताई।
ज्ञापन में कहा गया है कि भगवानों के स्वरूप को मनोरंजन का माध्यम बनाना आस्था और सनातन परंपराओं के विपरीत है। झांकियों के दौरान कलाकारों से सड़कों और मंचों पर नृत्य कराना धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
संगठनों ने मांग की कि धार्मिक झांकियों को पारंपरिक और गरिमामय ढंग से ही निकाला जाए। यदि आयोजनों में इस प्रकार की गतिविधियां पाई जाती हैं तो उन्हें अनुमति न दी जाए।
करणी सेना के जोगेंदर राणा ने कहा कि सनातन संस्कृति में देवी-देवताओं के स्वरूप का विशेष सम्मान है, इसे किसी भी स्थिति में ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। वहीं जूना अखाड़ा, बागेश्वर के हीरा गिरी ने भी धार्मिक परंपराओं के पालन पर जोर दिया।
उधर, प्रशासन ने ज्ञापन को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है
