दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हित में बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 15 अप्रैल से दूध के खरीद मूल्य में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र के हजारों दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में गहन विचार-विमर्श के बाद कुल 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन प्रस्तावों में दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक सशक्तिकरण, संग्रहण व्यवस्था में सुधार, संघ की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने तथा भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में दुग्ध संघ की नई सेवा नियमावली को मंजूरी देना शामिल रहा। इस फैसले से लगभग 20 वर्षों बाद संघ में नई नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे और संघ की कार्यक्षमता में सुधार आएगा।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि बोर्ड के ये निर्णय दुग्ध उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और मजबूती भी आएगी।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दीपा देवी, खष्टी देवी, दीपा रैकवाल, पुष्पा देवी, हेमा देवी सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू और शांति कोरंगा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दुग्ध संघ की यह पहल दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
