डोडा, तमंचा और कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार!
एसओटीएफ कुमाऊँ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 16.560 किलो डोडा बरामद!
दर्पण न्यूज ब्यूरो 24/7 रुद्रपुर/किच्छा। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एसओटीएफ कुमाऊँ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 16.560 किलो डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला में संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से भारी मात्रा में डोडा और अवैध हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नंबर-06 सिरौली कला, किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ रेंज श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने मामले की गहन जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि डोडा और हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। एसओटीएफ ने पिछले आठ माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 794 नशीले इंजेक्शन तथा 44,170 नशीली गोलियां और कैप्सूल भी बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई को एसओटीएफ कुमाऊँ और थाना पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
