

देवभूमि व्यापार मंडल ने किया देबू बिष्ट का सम्मान, फुट ओवरब्रिज स्वीकृति पर जताया आभार!
बोले- बिना मेहनत किए श्रेय लेने वालों को जनता पहचानती है!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज (पैदल पारपथ) की स्वीकृति के बाद शनिवार को हल्दूचौड़ देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भाजपा नेता एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ देबू का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान देबू बिष्ट ने पुनः बिना मेहनत किए विकास कार्यों का श्रेय लेने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति जमीन पर रहकर लगातार संघर्ष करता है, वास्तविक श्रेय भी उसी को मिलना चाहिए।
देबू बिष्ट ने कहा कि हल्दूचौड़ क्षेत्र में फुट ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बरेली रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में रोजाना खतरा बना रहता था। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष तक केंद्रीय मंत्रालय और विभागीय अधिकारियों के समक्ष लगातार मामला उठाया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा के सहयोग और सांसद अजय भट्ट के मार्गदर्शन में यह स्वीकृति संभव हो सकी है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना किसी प्रयास के अब इस योजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है कि किसने लगातार मेहनत की और किसने केवल बयानबाजी की।
हल्दूचौड़ व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह ने कहा कि फुट ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। उन्होंने इसे क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में धर्मशाला/सामुदायिक स्थल और सुलभ शौचालय निर्माण की मांग भी उठाई, जिस पर देबू बिष्ट ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
