खबरें शेयर करें -

फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट पर STF का एक और प्रहार, काशीपुर से आरोपी गिरफ्तार!

अब तक 13 आरोपी दबोचे, 19 अवैध शस्त्र और 358 कारतूस बरामद!

प्रमोद बमेटा

दर्पण न्यूज 24×7 ब्यूरो

रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने काशीपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से दो अवैध शस्त्र, जिंदा कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

एसटीएफ कुमाऊं प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलविन्दर सिंह (46 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर पर तैयार किए गए दो कूटरचित लाइसेंसों के आधार पर दो अलग-अलग हथियार खरीदे थे।

एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक .315 बोर राइफल, चार जिंदा कारतूस तथा दोनों हथियारों से संबंधित फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

एसटीएफ के अनुसार अब तक की कार्रवाई में 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे स्वयं अपने शस्त्र और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें। अन्यथा जांच के दौरान पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा, कांस्टेबल रवि बोरा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, मनोज बवाड़ी एवं सुरेन्द्र कनवाल सहित एसटीएफ की टीम शामिल रही।

उत्तराखंड