हल्दूचौड़ की 11 वर्षीय ईशानी ने कटक में जीता प्रथम पुरस्कार, अंतरराष्ट्रीय नृत्य कलिंग राजश्री अवार्ड से भी हुईं सम्मानित।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। क्षेत्र की 11 वर्षीय होनहार बेटी ईशानी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नृत्य के क्षेत्र में हल्दूचौड़ सहित उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। कटक (उड़ीसा) स्थित कला विकास केंद्र में आयोजित कलिंग उत्सव-2026 में ईशानी ने भरतनाट्यम के जूनियर वर्ग में एकल प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार हासिल किया।
ईशानी की इस उपलब्धि पर उन्हें भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित “अंतरराष्ट्रीय नृत्य कलिंग राजश्री अवार्ड” से भी सम्मानित किया गया। महज 11 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली ईशानी की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इससे पूर्व भी ईशानी हरिद्वार और नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न नृत्य प्रतियोगिताओं में भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुतियां देकर कई पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं। वह वर्तमान में गुरु श्री शुभम खोवल से भरतनाट्यम की विधिवत शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
ईशानी दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में कक्षा सातवीं की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, विद्यालय के शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
