oplus_136314882
खबरें शेयर करें -

तिरंगे के रंग में रंगा हल्दूचौड़, गूंजा भारत माता का जयघोष!

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारक पर राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन!

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच रविवार को हल्दूचौड़ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भाजपा मंडल की ओर से आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का और दर्जा राज्यमंत्री दीपक मेहरा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ मंदिर से हुआ। मुख्य बाजार से होते हुए यात्रा पंचायत घर स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का गरिमापूर्ण समापन किया गया।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का ने कहा कि देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की ओर से स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन यात्राओं का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ लोगों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है।

दुम्का ने क्षेत्रवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाते कार्यकर्ताओं का उत्साह और देशभक्ति के नारों की गूंज ने हल्दूचौड़ के माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

 

उत्तराखंड