








पदमपुर देवलिया में चला सफाई अभियान, किया गया पौधरोपण!
स्वच्छ समाज और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी : रमेश जोशी
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। ग्राम पंचायत पदमपुर देवलिया में बुधवार को ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में विशेष सफाई अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों, नवयुवक मंगल दल और ग्राम सभा के वार्ड सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि स्वच्छ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के लिए ग्राम पंचायत में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था और नियमित सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ रखना केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि ग्राम सभा के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस दौरान ग्राम पंचायत परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर कूड़ा एकत्र किया गया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राकेश कुमार, लालकुआं कोतवाल बृजमोहन राणा, पत्रकार ईश्वरीय दत्त भट्ट, पत्रकार दिलीप सिंह गढ़िया तथा मोतीनगर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य मौजूद रहीं।
लालकुआं कोतवाल बृजमोहन राणा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की जिम्मेदारी लेने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के उपप्रधान प्रकाश चंद्र पांडे, वार्ड सदस्य चंपा कबडवाल, केशव दत्त खोलिया, भास्कर पांडे, नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष सौरभ कबडवाल, गौरव कबडवाल, नितिन जोशी, हर्षवर्धन जोशी, चंद्रशेखर कांडपाल, उमा सुनाल सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
