खबरें शेयर करें -

पीपलकोटी की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसने से हड़कंप, सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश!

देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी आने की घटना से हड़कंप मच गया। टनल के भीतर लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए राहत एवं बचाव अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करें। जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए मौके पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम धामी ने बताया कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और टनल में उत्पन्न स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

दर्पण न्यूज 24×7 ब्यूरो

प्रमोद बमेटा