खबरें शेयर करें -

अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर गरजे युवा, राहुल दरम्वाल की पहल पर सीएमएस से हुई सीधी वार्ता!

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता रामनगर।

रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने सराहनीय पहल की है। अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर दर्जनों युवाओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) तपन शर्मा से मुलाकात की और जनहित से जुड़ी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने सीएमएस के समक्ष अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं में सुधार, अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल एवं वाटर कूलर की व्यवस्था, विभिन्न रोगों की जांच, अस्पताल से उपलब्ध होने वाली दवाइयों तथा पार्किंग जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

युवाओं ने अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पेमेंट की व्यवस्था को भी सुचारु किए जाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि रामनगर अस्पताल केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पहाड़ और मैदान से आने वाले बड़ी संख्या में मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में यहां व्यवस्थाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है।

सीएमएस तपन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि अस्पताल की समस्याओं के समाधान के लिए अस्पताल प्रशासन अपने स्तर से लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की कमी, पार्किंग, पेयजल, ऑनलाइन पेमेंट सहित अन्य समस्याओं के जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वार्ता के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, युवा और अस्पताल प्रशासन मिलकर सामूहिक प्रयास करेंगे। इसका उद्देश्य रामनगर के साथ-साथ कुमाऊं और गढ़वाल के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा।

राहुल सिंह दरम्वाल की इस पहल में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। युवाओं ने अस्पताल प्रशासन को जमीनी स्तर पर मरीजों और तीमारदारों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। इस पहल को क्षेत्र में युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राहुल दरम्वाल लंबे समय से रामनगर और आसपास के क्षेत्र में युवाओं को एकजुट कर उन्हें क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर युवाओं को साथ लेकर सीएमएस से सीधी वार्ता इसी अभियान की एक कड़ी के रूप में सामने आई है।

इस दौरान समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल, छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, छात्र संघ कोषाध्यक्ष संक्रांत सिंह, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष करन बिष्ट, कमलेश बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, नीरज मेहरा, महेंद्र आर्य, नीरज रावत, संजय रौतेला, अनुज अधिकारी, करन आर्य, विशाल आर्य, काकू, पारस, हिमांशु आर्य, जितेंद्र, नवीन गोस्वामी, अभय मेहरा, गौरव बिष्ट, संजय गिरी, रवि कुमार, कोमल, मनप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।