खबरें शेयर करें -

दुग्ध संघ की 705 दुग्ध समितियों में शान से लहराया तिरंगा, आंचल में दिखा देशभक्ति का जज्बा!

दर्पण न्यूज 24/7लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड से जुड़ी 705 दुग्ध समितियां तिरंगे के रंग में रंग उठीं। लालकुआं स्थित दुग्ध संघ मुख्यालय से लेकर पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की समितियों तक आजादी का पर्व उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

नैनीताल दुग्ध संघ में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ की प्राथमिकता दुग्ध उत्पादकों के हित और संघ को और मजबूत बनाना है। दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

कर्मचारियों को जल्द मिलेगी वर्दी!

स्वतंत्रता दिवस के मंच से अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि दुग्ध संघ के कर्मचारियों को जल्द ही वर्दी वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सुविधाओं एवं हितों का ध्यान रखना संघ की जिम्मेदारी है।

705 समितियों में एक साथ गूंजा राष्ट्रगान!

लालकुआं सहित पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल दुग्ध संघ से संबद्ध 705 दुग्ध समितियों में ध्वजारोहण किया गया। समिति पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान किया तथा देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए संकल्प लिया। इससे दुग्ध संघ से जुड़े हजारों दुग्ध उत्पादकों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

चुनाव आचार संहिता का रखा गया पूरा ध्यान!

दुग्ध समितियों के चुनाव की तिथियां निर्धारित होने के कारण स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह पालन किया गया। कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधि नहीं की गई।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने दुग्ध उपार्जन व्यवस्था, समितियों के माध्यम से दूध संग्रहण तथा आंचल दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से दुग्ध उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर दुग्ध उपार्जन बढ़ाने और आंचल उत्पादों की बिक्री को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र प्रसाद, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, रमेश मेहता, राजू दुमका, रमेश चंद्र, दिनेश कुलोरा, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, रश्मि धामी, रेखा बोरा, विपिन तिवारी, विजय चौहान, विमल कुमार समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड