खबरें शेयर करें -

लालकुआं में आईटीसी ग्रुप का पहला स्वतंत्रता दिवस: नए सफर की शुरुआत तिरंगे के साए में!

एक अगस्त को बिरला समूह से आईटीसी ग्रुप को हैंडओवर हुई पेपर मिल में पहली बार फहराया गया तिरंगा, यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने किया ध्वजारोहण!

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। औद्योगिक नगरी लालकुआं के लिए इस बार का स्वतंत्रता दिवस खास ऐतिहासिक महत्व लेकर आया। शहर स्थित पेपर मिल के आईटीसी समूह का हिस्सा बनने के बाद पहली बार 15 अगस्त का पर्व मिल परिसर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। एक अगस्त को बिरला समूह से आईटीसी को हैंडओवर हुई इस औद्योगिक इकाई में पहली बार आईटीसी के नए सफर की शुरुआत तिरंगे को सलामी देकर हुई।

मिल परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में आईटीसी पेपर मिल के यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को नमन किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति संकल्प व्यक्त किया।

नए प्रबंधन के दौर में पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह

लालकुआं की औद्योगिक पहचान में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली इस पेपर मिल के लिए यह स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी विशेष रहा, क्योंकि 1 अगस्त 2026 से मिल का संचालन आईटीसी समूह के अधीन आया है। ऐसे में नए प्रबंधन के तहत यह पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह था। तिरंगे के साथ शुरू हुए इस नए अध्याय को कर्मचारियों के बीच भी उत्साह और नई उम्मीदों के रूप में देखा गया।

ध्वजारोहण के बाद कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने कहा कि आज देश जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहा है, वह अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुरक्षा और गुणवत्ता को बताया प्रगति की नींव

प्रणव शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल गुलामी से मुक्ति नहीं, बल्कि आपसी मतभेद और वैमनस्य भुलाकर एकजुट होकर देश और संस्थान की प्रगति में योगदान देना भी है। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा और गुणवत्ता किसी भी औद्योगिक संस्थान की निरंतर प्रगति की मजबूत नींव हैं। आईटीसी समूह की कार्यसंस्कृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मिल की प्रगति के साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में मिल प्रबंधन के प्रबोध पात्रा, नरेश चन्द्रा, अविनाश जौहरी, संजय बाजपेयी और पंकज धूलिया सहित अधिकारी, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

लालकुआं की औद्योगिक धरती पर आईटीसी के नए सफर का पहला स्वतंत्रता दिवस तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया।