








जिला नैनीताल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा सरोवर नगरी का हर कोना!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम, हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
समारोह में प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं वीर नारियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शहीदों के बलिदान को किया नमन
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री खजान दास ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन उन वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास को गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक ले जाना है।
प्रभारी मंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, स्वच्छता, शौचालय निर्माण और प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने सहित विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है।
देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांध दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित प्रभारी मंत्री ने उन्हें 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।
गांधी चौक से डाक बंगला तक गूंजे देशभक्ति के नारे
मुख्य समारोह के बाद प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। गांधी चौक पर व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी प्रभारी मंत्री ने प्रतिभाग किया।
व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय और उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इसके बाद अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
स्वतंत्रता दिवस पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से सरोवर नगरी गूंज उठी।
पौधरोपण से लेकर नाव रैली तक दिखा उत्साह
वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी प्रभारी मंत्री ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी, अधिकारियों एवं नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
मल्लीताल स्थित वोट स्टैंड से नाव रैली भी निकाली गई, जिसमें प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। वहीं स्वतंत्रता दिवस पर नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री ने स्वयं शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कमिश्नरी और विकास भवन में भी हुआ ध्वजारोहण
कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कमिश्नरी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मंडलवासियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया। जिलेभर के सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी निर्धारित समय पर राष्ट्रध्वज फहराया गया। विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरियां, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम तथा पौधरोपण अभियान आयोजित किए गए।
जिले के विभिन्न निकायों में भी लहराया तिरंगा
जिला पंचायत में अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, नगर निगम हल्द्वानी में मेयर गजराज सिंह बिष्ट, लालकुआं नगर पंचायत में चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी तथा मंडी परिषद में अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने ध्वजारोहण कर देश, प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य समारोह में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के पूरे दिन नैनीताल जिले में तिरंगे की शान, देशभक्ति का जज्बा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिखाई दिया।
