








हल्दूचौड़ ऑनलाइन संस्था की पहल, 20 विद्यार्थियों को मिलेगा नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण।
हल्दूचौड़। युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हल्दूचौड़ ऑनलाइन संस्था द्वारा सीएससी कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम (2026-27) का शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम की जीविका अवसर प्रोत्साहन योजनांतर्गत संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
पैंथर्स स्कूल के समीप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य छवि बोरा, पूर्व ग्राम प्रधान मनीष आर्या, हल्दूचौड़ ऑनलाइन संस्था के अध्यक्ष मोहित जोशी एवं उदय गौड़ ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
संस्था की ओर से चयनित 20 विद्यार्थियों को नि:शुल्क सीएससी कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान बेसिक कंप्यूटर संचालन, इंटरनेट उपयोग, डिजिटल साक्षरता तथा सीएससी से जुड़ी विभिन्न डिजिटल सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
संस्था अध्यक्ष मोहित जोशी ने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल ज्ञान युवाओं के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर उन्हें रोजगार 000पऔर स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से नियमित रूप से प्रशिक्षण लेकर इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
