खबरें शेयर करें -

77वें अधिवेशन से मुकेश बोरा दिखाएंगे सहकारिता की ताकत! 28 नवंबर को सजेगा शक्ति प्रदर्शन का मंच, दुग्ध उत्पादकों के बीच होगी नेतृत्व की अग्निपरीक्षा!

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संभाली तैयारियों की कमान, हल्द्वानी में जुटेगा दुग्ध सहकारिता का बड़ा कुनबा, उपलब्धियों के साथ आय-व्यय और भविष्य की रणनीति पर भी होगी चर्चा!

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा एक बार फिर सहकारिता के बड़े मंच पर अपनी नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक सक्रियता दिखाने की तैयारी में हैं। 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में आयोजित होने वाला संघ का 77वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन उनके लिए महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों, जनप्रतिनिधियों और सहकारिता क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में होने वाले इस अधिवेशन पर अब सबकी निगाहें टिक गई हैं।

मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित संचालक मंडल की बैठक में अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन हुआ। आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा के बाद 28 नवंबर को अधिवेशन आयोजित करने पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई। बैठक के साथ ही बोरा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों की कमान संभाल ली है।

इस अधिवेशन में मुकेश बोरा के सामने संघ की उपलब्धियों को प्रस्तुत करने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों के विश्वास को और मजबूत करने का भी अवसर होगा। वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय का विवरण और सालभर की गतिविधियां सदन के सामने रखी जाएंगी। वहीं दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं, दूध उत्पादन को प्रोत्साहन और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

दरअसल, दुग्ध संघ का वार्षिक अधिवेशन केवल सालाना औपचारिकता नहीं होता, बल्कि यह अध्यक्ष और संचालक मंडल के कामकाज का मूल्यांकन करने का भी महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में 28 नवंबर का आयोजन मुकेश बोरा के नेतृत्व में संघ की उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं को सामने रखने का बड़ा मंच बनेगा। अब देखना होगा कि दुग्ध उत्पादकों के बीच यह अधिवेशन कौन से नए संकल्प और कितने ठोस फैसले लेकर आता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों के साथ विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सहकारिता क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी। बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों के जुटने की संभावना है।

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी


उपस्थित रहे।

उत्तराखंड