खबरें शेयर करें -

तालाब में मिला 5 वर्षीय मासूम का शव, अंतिम संस्कार से पहले शरीर पर मिले चोट के निशान — हत्या की आशंका से सनसनी!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। बिंदुखत्ता निवासी 5 वर्षीय मासूम बालक की उत्तर प्रदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब रहस्यमय और सनसनीखेज रूप लेता जा रहा है। पहले जिस घटना को परिजन हादसा मान रहे थे, वही अंतिम संस्कार के दौरान सामने आए चौंकाने वाले तथ्यों के बाद गंभीर संदेह में बदल गई। मासूम के शरीर पर घाव और गुप्तांगों से रक्तस्राव देख परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और शव को सीधे लालकुआं कोतवाली पहुंचाकर कार्रवाई की मांग कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन्द्रानगर-1 बिंदुखत्ता निवासी संजय सिंह की पत्नी स्वेता सिंह अपने 5 वर्षीय इकलौते पुत्र अयांश सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के जिला मऊ स्थित ग्राम कटिहारी (बढ़कापुरा) में मामा की शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।
बताया जा रहा है कि दिनांक 27 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अयांश अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों व रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके लगभग एक घंटे बाद घर से करीब 80 से 100 मीटर दूर स्थित तालाब में मासूम का शव तैरता हुआ मिला। घटना के बाद परिवार ने इसे डूबने से हुई मौत मान लिया और शव को लालकुआं ले आए।
लेकिन मामला उस समय पूरी तरह पलट गया जब शनिवार सुबह गौला नदी में अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों की नजर बच्चे के शरीर पर चोट के निशानों और गुप्तांगों से बह रहे खून पर पड़ी। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजन तुरंत शव को लालकुआं कोतवाली ले पहुंचे और पोस्टमार्टम की मांग करते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने तत्काल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला घटना स्थल से संबंधित उत्तर प्रदेश पुलिस को भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
इकलौते बेटे की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मासूम के साथ अनहोनी हुई है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मासूम की मौत कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है — क्या यह हादसा था या किसी साजिश का शिकार हुआ मासूम? पुलिस जांच के बाद ही सच सामने आ सकेगा।

उत्तराखंड