खबरें शेयर करें -
घोड़ाखाल सैनिक विद्यालय प्रवेश परीक्षा में हल्दूचौड़ के उमंग दुमका का उत्कृष्ट प्रदर्शन।
हल्दूचौड़। क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि हल्दूचौड़ क्षेत्र अंतर्गत बच्ची नवाड़ गांव निवासी प्रतिभाशाली छात्र उमंग दुमका ने अखिल भारतीय सैनिक विद्यालय प्रवेश परीक्षा–2026 उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उमंग ने
कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
राष्ट्रीय परीक्षा अभिकरण द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम के अनुसार उमंग दुमका ने कुल 300 अंकों में से 194 अंक प्राप्त कर लिखित परीक्षा सफलता पूर्वक उत्तीर्ण की। विषयवार प्रदर्शन में उन्होंने गणित विषय में 150 में से 120 अंक प्राप्त कर अपनी विशेष योग्यता का परिचय दिया। वहीं बौद्धिक क्षमता परीक्षण में 38 अंक, सामान्य ज्ञान में 22 अंक तथा भाषा विषय में 14 अंक अर्जित किए।
उमंग दुमका हल्दूचौड़ के बच्ची नवाड़ गांव निवासी भुवन दुमका एवं तनुजा दुमका के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सफलता बताया है।
परिजनों ने उमंग की सफलता का श्रेय उसकी कठिन मेहनत, अनुशासन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। स्थानीय लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उमंग भविष्य में भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का अपना सपना अवश्य साकार करेगा।
उमंग की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों ने शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

उत्तराखंड