खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विद्युत अभियंत्रण विभाग में हुआ भव्य आयोजन!
दर्पण न्यूज 24/7 द्वाराहाट। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्युत अभियंत्रण विभाग द्वारा भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की भावना तथा नवाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. संतोष कुमार हम्पन्नावर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र के समग्र विकास में वैज्ञानिक दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध, नवाचार तथा तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. राजेश शर्मा एवं डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने आधुनिक विज्ञान, नवीन तकनीकों, स्टार्टअप संस्कृति तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में विज्ञान की भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. विजया भंडारी ने की। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. रचना आर्या ने भी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक मनोज कुमार पांडेय द्वारा किया गया। आयोजन समिति में सहायक प्राध्यापक कमल पांडेय एवं प्रमोद कुमार पांडेय का विशेष सहयोग रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सफल एवं प्रभावशाली रूप से संपन्न हुआ।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने का संकल्प लिया।

उत्तराखंड