खबरें शेयर करें -

अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में भानदेव नवाड़ की  इशिता बमेटा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन का बढ़ाया क्षेत्र का मान!
लालकुआं।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2026 के परिणाम में क्षेत्र की होनहार छात्रा इशिता बमेटा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर सैनिक स्कूल में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार इशिता बमेटा ने कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा में कुल 300 अंकों में से 232 अंक प्राप्त किए हैं। अंक विवरण के अनुसार उन्होंने भाषा विषय में 50 में से 34 अंक, गणित में 150 में से 126 अंक, बौद्धिक क्षमता में 50 में से 40 अंक तथा सामान्य ज्ञान में 50 में से 32 अंक प्राप्त किए। गणित विषय में उनका प्रदर्शन विशेष रूप से उत्कृष्ट रहा।
इशिता ने प्रवेश हेतु सैनिक स्कूल घोड़ाखाल (उत्तराखंड) का चयन किया है तथा वह सैनिक स्कूल एवं नवीन सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा में सफल घोषित हुई हैं।
इशिता बमेटा भानदेव नवाड़ निवासी गणेश दत्त बमेटा की पोती हैं। उनके पिता विजय बमेटा ब्रिडकुल विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं तथा माता स्वेता बमेटा गृहिणी हैं। इशिता की इस उपलब्धि से परिवार एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अब सफल अभ्यर्थियों को आगामी ऑनलाइन परामर्श प्रक्रिया एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम प्रवेश प्रदान किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने इशिता की सफलता को मेहनत, लगन और परिवार के मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।

उत्तराखंड