








उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट संभालेंगे कमान!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, देहरादून।
उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार (पौड़ी गढ़वाल) के कुलपति पद की जिम्मेदारी प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को सौंप दी है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. भट्ट कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी तीन वर्षों अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर अपनी सेवाएं देंगे।
डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट वर्तमान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में कार्यरत हैं। कुलपति चयन प्रक्रिया के तहत गठित अन्वेषण समिति द्वारा भेजे गए नामों के पैनल में से कुलाधिपति ने उनके नाम पर मुहर लगाई।
एमएससी एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त डॉ. भट्ट को शिक्षण एवं अनुसंधान क्षेत्र में 19 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव है। उन्होंने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित कृषि एवं अनुसंधान संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे आईसीएआर मेघालय में संयुक्त निदेशक, आईसीएआर पटना में निदेशक, महात्मा गांधी एकीकृत कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान में विशेष कार्याधिकारी, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन प्रभाग नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी तथा सहायक महानिदेशक (अंतरराष्ट्रीय संबंध) जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसके अलावा डॉ. भट्ट भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, देहरादून के निदेशक पद की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। कृषि अनुसंधान, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय में अनुसंधान, नवाचार और कृषि-वानिकी शिक्षा को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
