खबरें शेयर करें -

1 मार्च से बदलेगा व्हाट्सप का नियम
सिम कार्ड बिना नहीं चलेगा अकाउंट, वेब वर्जन हर 6 घंटे में होगा लॉग-आउट!
दर्पण न्यूज 24/7 नई दिल्ली |
केंद्र सरकार ने मैसेजिंग एप व्हाट्सप के उपयोग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सिम बाइंडिंग नियमों को लागू करने की 28 फरवरी की समयसीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। नए नियम 1 मार्च से प्रभावी होंगे।
नए प्रावधानों के तहत अब जिस मोबाइल नंबर से व्हाट्सप संचालित किया जा रहा है, वह सिम कार्ड संबंधित मोबाइल फोन में सक्रिय होना अनिवार्य होगा। फोन से सिम हटाने की स्थिति में मैसेजिंग सेवा प्रभावित हो सकती है।
वेब वर्जन पर भी सख्ती
सरकारी निर्देशों के अनुसार कंप्यूटर या लैपटॉप पर इस्तेमाल होने वाला  व्हाट्सप वेब भी अब सीमित अवधि तक ही सक्रिय रहेगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद हर 6 घंटे में वेब वर्जन स्वतः लॉग-आउट हो जाएगा और दोबारा लॉगिन के लिए फोन में सक्रिय सिम आवश्यक होगा।
सुरक्षा कारणों से लागू किए नियम
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी व फर्जी खातों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार समयसीमा बढ़ाने पर विचार नहीं कर रही है।
प्रोफेशनल यूजर्स को हो सकती है परेशानी
इंडस्ट्री संगठनों ने आशंका जताई है कि बार-बार लॉग-आउट की व्यवस्था से उन पेशेवरों को दिक्कत हो सकती है जो कार्यालय कार्यों के लिए व्हाट्सअप वेब का नियमित उपयोग करते हैं। वहीं एक अकाउंट को कई डिवाइस पर उपयोग करने वाले परिवारों और टीमों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
कंपनियों को अनुपालन रिपोर्ट के निर्देश
केंद्र सरकार ने संबंधित कंपनियों को नए नियमों के पालन की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार 1 मार्च से लागू होने जा रहे ये नियम डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहचान सत्यापन और साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।

उत्तराखंड