जन्म शताब्दी समारोह को लेकर गायत्री शक्तिपीठ हल्दूचौड़ में गोष्ठी संपन्न
हल्दूचौड़ (नैनीताल)।
गायत्री शक्तिपीठ हल्दूचौड़ में नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के गायत्री परिजनों की एक प्रेरणादायी गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे वरिष्ठ प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी एवं जय राम मोटलानी ने आगामी 20 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले अखंड दीपक के 100 वर्ष पूर्ण होने के भव्य उत्सव की तैयारियों पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार में 18 जनवरी 1926 से प्रज्वलित अखंड दीपक अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जो युग निर्माण आंदोलन की अखंड साधना और जनजागरण का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से रजिस्ट्रेशन करवाने और ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं से विशेष आह्वान किया जो एक माह से तीन माह का समयदान देकर इस महायज्ञ में सहयोग दे सकते हैं।
श्री तिवारी एवं श्री मोटलानी ने सभी परिजनों से परम वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी समारोह को उल्लासपूर्वक मनाने का आग्रह किया और परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के युगदर्शन को घर-घर पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
गोष्ठी के दौरान गुरुदेव द्वारा लिखित 18 सूत्रीय नवयुग संविधान का सामूहिक पाठ किया गया। साथ ही उपस्थित परिजनों से इस संविधान के चित्र को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों में लगाने का भी आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में तीनों जनपदों से आए बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता की और युग परिवर्तन के इस दिव्य अभियान में तन-मन-धन से जुड़ने का संकल्प लिया।
