14 साल बाद बड़ी सौगात: दुग्ध विकास मंत्री ने 43 कर्मचारियों की पदोन्नति को दी मंजूरी।
मुकेश बोरा की पहल रंग लाई, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर दिए सकारात्मक संकेत।
दर्पण न्यूज 24*7 के लिए प्रमोद बमेटा की रिपोर्ट!
देहरादून।
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि०, लालकुआँ के कर्मचारियों को 14 वर्षों बाद बड़ी राहत मिली है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के पात्र 43 कर्मचारियों की पदोन्नति के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी है। यह फैसला कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री बहुगुणा से शिष्टाचार भेंट की, जिसमें कर्मचारियों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और विस्तृत प्रस्ताव सौंपा गया।
बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
प्रतिनिधिमंडल की ओर से मंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं, जिनमें
पर्वतीय क्षेत्रों में महिला डेरी सचिवों का मानदेय 50 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपये करने का अनुरोध
मैदानी क्षेत्रों के सचिवों को पर्वतीय क्षेत्र के समान लाभ दिए जाने का प्रस्ताव
कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की पुराने स्वरूप में बहाली
वर्ष 2016 से 2019 तक के सातवें वेतनमान के एरियर को अनुमन्य करने की मांग
1 लाख लीटर दुग्ध हैंडलिंग क्षमता के अनुरूप नए स्टाफिंग पैटर्न की स्वीकृति
अत्याधुनिक एन.डी.डी.बी. प्लांट में विशेषज्ञ मशीनरी स्थापना
मंत्री का आश्वासन: “दुग्ध संघ दो कदम चलेगा, सरकार पाँच कदम साथ चलेगी”
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादकों, किसानों और कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दुग्ध क्षेत्र में सुधार के लिए जल्द ही कई बड़े और ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे।
“दुग्ध संघ दो कदम चलेगा तो सरकार पाँच कदम साथ चलेगी। दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान हमारी प्रतिबद्धता है।” — सौरभ बहुगुणा, दुग्ध विकास मंत्री
अध्यक्ष मुकेश बोरा बोले— “यह फैसला कर्मचारियों व किसानों दोनों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा”
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मंत्री द्वारा दी गई सहमति को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला है।
उन्होंने कहा—
> “मंत्री द्वारा दिया गया विश्वास उत्साह बढ़ाने वाला है। सरकार और संघ के संयुक्त प्रयास से दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों की समस्याओं का दीर्घकालिक समाधान संभव होगा।”
उन्होंने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि शेष मांगों पर भी जल्द ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे—
उमेश पठालनी (वित्त प्रभारी), संजय सिंह भाकुनी (प्रशासन/विपणन प्रभारी), सुभाष बाबू (पी एंड आई), धर्मेन्द्र सिंह राणा (कारखाना प्रबंधक), खलील अहमद, शांति कोरंगा, मुन्नी आर्या, मोहन जोशी, कमलेश कुमार, रमेश मेहता, रमेश आर्या, विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, मीना रौतेला, राजू दुम्का समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
