खबरें शेयर करें -

‘शक्ति संवाद’ में किशोरियों को मिला आत्मविश्वास और करियर मार्गदर्शन!
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के तहत भीमताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित!
दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल (नैनीताल)।
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में बाल विकास परियोजना भीमताल द्वारा किशोरियों के साथ “शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों, करियर विकल्पों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक नैनीताल सरिता आर्य, विशिष्ट अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन पारुल थपलियाल तथा अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष नैनीताल देवकी बिष्ट ने की। अतिथियों ने किशोरियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा और आत्मसम्मान को जीवन की सफलता की कुंजी बताया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किशोरियों को विधिक क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी तथा महिलाओं और किशोरियों से जुड़े कानूनों जैसे घरेलू हिंसा, बाल विवाह निषेध, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम तथा पोक्सो (बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम) के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए वक्ताओं ने किशोरियों के साथ संवाद स्थापित कर अपने अनुभव और संघर्ष साझा किए। उच्च शिक्षा विभाग से प्रोफेसर लता पाण्डेय (पूर्व विभागाध्यक्ष, गृह विज्ञान विभाग, डीएसबी परिसर), मीनाक्षी कांडपाल (सहायक श्रम आयुक्त), उप निरीक्षक अंजला ज़ोन (पुलिस विभाग), डॉ. पल्लवी (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम), सोनाली मिश्रा (पत्रकार, टाइम्स ऑफ इंडिया), तथा राष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाज बबीता टम्टा ने अपने-अपने क्षेत्र की चुनौतियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
जिला सेवायोजन अधिकारी नैनीताल प्रियंका गड़िया ने किशोरियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, बाल विकास परियोजना अधिकारी भीमताल डॉ. रेनू मर्तोलिया, दूरदर्शन के जिला प्रतिनिधि व मीडिया प्रभारी गीतेश त्रिपाठी, हिंदुस्तान समाचार पत्र से सुमन, सुपरवाइजर कुसुमलता सहित नैना, हेमा, गीता व अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां तथा बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन किशोरियों को आत्मनिर्भर, शिक्षित एवं सशक्त बनने का संदेश देकर किया गया।

उत्तराखंड