खबरें शेयर करें -

गोविन्द सिंह माहरा अस्पताल को भेंट की गईं 60 रजाइयां, मरीजों का जाना हालचाल।
रानीखेत | दर्पण न्यूज 24/7
संवाददाता: गोपाल नाथ
रानीखेत। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में 60 रजाइयां भेंट कर अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। कड़ाके की ठंड को देखते हुए यह पहल मरीजों की सुविधा और सुरक्षा के उद्देश्य से की गई।
इस अवसर पर करन माहरा के साथ स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. डीएस नेगी, डॉ. दीपक पंत और डॉ. अशोक टम्टा को रजाइयां सौंपीं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
करन माहरा ने अस्पताल कर्मचारियों से भी संवाद कर उनकी दिक्कतों को जाना। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भिकियासैंण अस्पताल में भी 20 रजाइयां वितरित की जा चुकी हैं।
चिकित्सकों से वार्ता के दौरान पूर्व विधायक करन माहरा ने चौखुटिया और भिकियासैंण क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में भिकियासैंण में हुई बस दुर्घटना के बाद पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत के चिकित्सकों को वहां भेजा जाता है, जिससे रानीखेत में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि भिकियासैंण और चौखुटिया में अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

उत्तराखंड