💥 दर्पण न्यूज़ 24×7 — दर्द से भर देने वाली बड़ी खबर 💥
✍️ संवाददाता : प्रमोद बमेटा
🛑 गंगोलीहाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर भीषण हादसा — 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में कोहराम
गंगोलीहाट–पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर देर रात एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। गुरुवार रात करीब 11 बजे डूनी से चहज की ओर जा रही एक ब्रेज़ा कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा समाई, जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, खटीमा से घर लौट रहे
सुरेश सिंह (30 वर्ष) पुत्र चंद्र सिंह, निवासी डूनी
पवन सिंह (35 वर्ष) पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी निगलटी
डूनी–चहज मार्ग के पास पहुंचे ही थे कि यह भीषण हादसा हो गया।
🔴 मौके पर ही हुई एक युवक की मौत
कार चालक सुरेश सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल पवन सिंह को पुलिस व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। दोनों युवक शादीशुदा थे।
🚓 पुलिस टीम रात में ही पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही कोतवाली गंगोलीहाट से प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य करवाया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
🔍 हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। पर्वतीय सड़कों पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर दिन किसी न किसी घर का चिराग बुझ रहा है।
😢 दोनों गांवों में मातम—परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे से डूनी और निगलटी गांव में गहरा शोक छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन है।
