नैनीताल/हल्द्वानी, 20 नवंबर 2025 | दर्पण न्यूज 24*7
जिलाधिकारी ने सफाई, शीतकालीन तैयारी, अतिक्रमण व अवैध खनन पर सख्ती—अधिकारियों को चेतावनी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में बैठक लेकर जिले की स्वच्छता व्यवस्था, शीतकालीन तैयारी, अवैध खनन, अतिक्रमण हटाने और होम स्टे योजना की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि जिले के प्रवेश द्वारों, झीलों के किनारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा मिला तो संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
स्वच्छता पर कड़े निर्देश
- नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारी हर दिन एक वार्ड का स्वयं निरीक्षण करेंगे।
- गंदगी मिले तो संबंधित सफाई निरीक्षक व पर्यावरण मित्र से तत्काल जवाब-तलब।
- लापरवाह सफाई कर्मियों को सेवासमापन या सेवा समाप्ति तक की चेतावनी।
- ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व कूड़ा निस्तारण को प्राथमिकता।
- सभी सफाई कर्मियों को मास्क, ग्लव्ज, बूट आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं।
शीतकालीन तैयारी
- सभी रैनबसेरों में बिस्तर, शौचालय, हीटर व बिजली की दुरुस्त व्यवस्था।
- अधिक ठंड में नगर के चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था।
- जरूरतमंदों को कंबल वितरण की तैयारी।
- ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध रहें।
अतिक्रमण और सड़क चौड़ीकरण
- सभी उपजिलाधिकारी व नगर निकायों को अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश।
- सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने विद्युत पोलों को तत्काल शिफ्ट किया जाए।
- फुटपाथ, नालियों पर हुए अतिक्रमण को एक अभियान चलाकर हटाने के निर्देश।
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस
- उपजिलाधिकारी व खान अधिकारी खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी करें।
- जिलाधिकारी ने कहा—“जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन दिखाई नहीं देना चाहिए।”
होम स्टे और पर्यटन विकास
- मानकों के विरुद्ध संचालित होम स्टे का निरीक्षण कर पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश।
- प्रत्येक होम स्टे में स्थानीय संस्कृति का प्रचार, महिला समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी सुनिश्चित।
- जिले में नए वेडिंग डेस्टिनेशन चिन्हित कर उन्हें विकसित और प्रमोट किया जाए।
- शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश।
बैठक में एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।
