








राज्यपाल ने उप चिकित्सालय खटीमा के डॉक्टर अकलीम को किया सम्मानित।
एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश-प्रदेश का बढ़ाया मान।
करन सतवाल दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता, खटीमा।
सेकेंड एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतने वाले उप चिकित्सालय खटीमा के चिकित्सक डॉ. अकलीम को उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राजभवन में सम्मानित किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से खटीमा समेत पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है।
मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में डॉ. अकलीम ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। चिकित्सा सेवा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले डॉ. अकलीम की इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।
राजभवन में सम्मानित होने के बाद उप चिकित्सालय खटीमा पहुंचने पर चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान डॉ. केसी पंत, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. गुंजन आर्या, डॉ. संजीव सरन, नवल कुमार गोस्वामी, मंजू आर्या, हरेंद्र सिंह राणा, पवन कुमार, पूरन जोशी, प्रेम चंद, वीरेंद्र कुमार समेत अन्य चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अकलीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. अकलीम की इस उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि समर्पण, मेहनत और जज्बे के दम पर व्यक्ति अपने पेशे के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। उनकी सफलता से उप चिकित्सालय खटीमा के चिकित्सक एवं कर्मचारी भी उत्साहित हैं।
