लालकुआं में बढ़ता असुरक्षा का माहौल! बाजार में दिनदहाड़े व्यापारी पर हमला।
पुलिस कार्यप्रणाली पर लग रहे हैं सवालिया निशान।
लालकुआं।
नगर में बढ़ते अपराध और पुलिस की सुस्ती अब खुलकर सामने आने लगी है। सोमवार को लालकुआं बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब हथियारों से लैस चार युवकों ने लाइनपार स्थित एक चूड़ी एवं कॉस्मेटिक दुकान में घुसकर दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। पाटल से प्रहार कर व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई।
घटना के समय दुकान संचालक रेहान अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी चार युवक अचानक अंदर घुस आए और उसने सिर पर पाटल से वार कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि रेहान लहूलुहान होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी दुकान के बाहर भी पाटल लहराते रहे और आसपास दहशत फैली रही।
हंगामा सुनकर जुटे व्यापारियों ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रेहान को तत्काल हल्द्वानी अस्पताल रेफर किया गया है।
व्यापारियों में भारी आक्रोश — सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों को लेकर व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि नगर में अराजकता लगातार बढ़ रही है, लेकिन पुलिस गश्त और निगरानी का कोई असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा। दिनदहाड़े हथियारों के साथ हमला होना पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।
पुलिस का पक्ष
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि व्यापारी से मारपीट की घटना में पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। घायल रेहान को मेडिकल के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।
नगर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से दहशत।
बीते कुछ महीनों से लालकुआं में चोरी, मारपीट, मादक पदार्थ और गैंगबाजी जैसे मामलों में तेजी आई है। स्थानीय लोग और व्यापारी बार-बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हाल की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गहरा अविश्वास पैदा कर दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्ती नहीं दिखाई तो नगर में अपराध और अधिक बेखौफ होकर सामने आएंगे।
दर्पण न्यूज 24*7
