








रुद्रपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: खैर की लकड़ी से भरा टाटा 407 कब्जे में, तस्कर फरार
रुद्रपुर/लालकुआँ।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर डिवीजन की पीपल पढ़ाऊ रेंज में वन विभाग और एसओजी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अवैध लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने खैर की भारी मात्रा से लदे टाटा कैटर 407 (UK04-CA-4467) वाहन को बरामद किया, जबकि चालक और अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जप्त वाहन से खैर की लकड़ी के 30 नग बरामद किए गए हैं, जिनका वजन लगभग 20 क्विंटल और बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। विभाग ने मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में वन तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
वन क्षेत्राधिकारी पी.सी. जोशी ने बताया कि गुरुवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि बेरिया दौलत क्षेत्र में खैर की लकड़ी से लदा वाहन तस्करी के लिए जा रहा है। सूचना पर तुरंत वन विभाग और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर भाग निकले। बाद में वाहन को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया गया।
जोशी ने बताया कि जप्त लकड़ी की मात्रा और कीमत की पुष्टि कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
वन क्षेत्राधिकारी पी.सी. जोशी, चौकी इंचार्ज नरेश मेहरा, उपनिरीक्षक निर्मल रावत, नवीन मेहरा, वन आरक्षी पूजा, वनकर्मी जियाजुल इस्लाम सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
